
पांचना बांध हे कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर ग्राम खण्डीप में होगी विशाल किसान महापंचायत
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
गंगापुर सिटीपांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर दिनांक 5 जून 2026 को ग्राम खण्डीप में आयोजित होने वाली विशाल किसान महापंचायत के समर्थन में चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के अंतिम दिन विधायक रामकेश मीना, पंच-पटेलों, किसान नेताओं एवं क्षेत्र के किसानों ने कमाण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों का व्यापक दौरा कर किसानों को संगठित होने का संदेश दिया।
जन जागरण अभियान के तहत होटल राजमहल से दर्जनों वाहनों का विशाल काफिला रवाना हुआ। अभियान के दौरान विधायक रामकेश मीना ने ग्राम डिबस्या, छोटी उदेई, पिलौदा, महानन्दपुर ड्योढ़ा, खेड़ली, बगलाई, शिवाला, नयागांव, सुन्दरपुर, मोहचा का पुरा, मोहचा, नवाजीपुरा तथा भालपुर सहित अनेक गांवों में जनसम्पर्क कर किसानों, युवाओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह महापंचायत केवल पानी की मांग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के हक, सम्मान और भविष्य की लड़ाई का निर्णायक पड़ाव है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में खण्डीप पहुंचकर किसान एकता का परिचय देने का आह्वान किया।
जनसम्पर्क अभियान के दौरान पंच-पटेलों एवं किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद पांचना बांध की नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाना किसानों के साथ अन्याय ही नहीं बल्कि न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के अभाव में क्षेत्र का किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और अब अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करने के लिए मजबूर है।
इस दौरान विधायक रामकेश मीना, ग्राम खण्डीप के पंच-पटेलों एवं किसानों ने पीर बाबा के पावन स्थान पर चादर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की तथा किसान महापंचायत की सफलता एवं क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
अभियान के समापन पर विधायक मीना ने किसान महापंचायत स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पाण्डाल, पेयजल, भोजन, छाया, हवा, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक मीना ने कहा कि खण्डीप की किसान महापंचायत कमाण्ड क्षेत्र के किसानों की एकजुट आवाज बनकर उभरेगी तथा सरकार को किसानों के हित में पांचना बांध की नहरों में पानी छोड़ने के लिए बाध्य करेगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचकर किसानों के अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की।


