Advertisement

शिक्षक हिरासत में एक्स्ट्रा क्लास के बहाने छात्रा को रोकने का आरोप, युवकों ने शिक्षक को पकड़ा

अशोक कुमार
जिला संवाददाता गोरखपुर

शिक्षक हिरासत में एक्स्ट्रा क्लास
के बहाने छात्रा को रोकने का आरोप, युवकों ने शिक्षक को पकड़ा

गोरखपुर कैंम्पियरगंज थाना क्षेत्र के सोमहिया स्थित एक कंप्यूटर सेंटर से छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित अशोभनीय हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मामले में कैंम्पियरगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को कंप्यूटर सेंटर में कक्षा समाप्त होने के बाद शिक्षक ने एक छात्रा को अतिरिक्त पढ़ाई कराने के नाम पर रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत की। सेंटर के बाहर मौजूद कुछ युवकों की नजर अंदर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। इसके बाद कुछ युवक सेंटर में पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। मौके पर युवकों ने शिक्षक से घटना को लेकर सवाल-जवाब किए। इस दौरान शिक्षक द्वारा छात्रा को अपनी बहन जैसा बताते हुए सफाई देने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में शिक्षक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि छात्रा ने उसे रक्षाबंधन पर राखी बांधी थी और वह अतिरिक्त पढ़ाई के लिए सेंटर पर रुकी थी। वीडियो में कुछ युवक शिक्षक को थप्पड़ मारते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक जगदीश चौरसिया को हिरासत में ले लिया।
सीओ अनुराग सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर कैंम्पियरगंज थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक विवाहित है और उसका एक बच्चा है। उसके पिता सरकारी शिक्षक बताए जा रहे हैं। हालांकि, परिजनों से संबंधित इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की पहचान से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

Janta Ka Sach News