जनता का सच राष्ट्रीय हिन्दी समाचार पत्र
अशोक कुमार
जिला संवाददाता गोरखपुर
गोरखपुर के पिपराइच इलाके के नैयापार बुजुर्ग गांव में शनिवार सुबह स्कूल बस में चढ़ते समय हिमांशु निषाद (5) पैर फिसलने से गिर गया। इसी बीच बस आगे बढ़ गई और उसका सिर पहिए के नीचे आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत कराया।हिमांशु पुत्र हरिकेश निषाद आराजी चौरी चिलबिलवा स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ता था। शनिवार सुबह गांव के मंदिर के पास स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। करीब 8:30 बजे बस आई चढ़ने के दौरान वह असंतुलित होकर गिर गया। इसी दौरान चालक ने बस आगे बढ़ा दी। जिससे हिमांशु का सिर पिछले पहिए के नीचे आ गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल सीएचसी ले जाया गया पर वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हरिकेश निषाद बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। मां सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। हिमांशु का एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है।शिक्षिका पर मोबाइल देखने का आरोप: हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तब तक बस चालक मनोज कुमार भाग निकला।
ग्रामीणों ने बस को घेर लिया और उसमें मौजूद शिक्षिका रानी मिश्रा को भी रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षिका बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय मोबाइल देख रही थीं। वहीं चालक ने बच्चे के सुरक्षित बस में चढ़ने की तसल्ली किए बिना वाहन आगे बढ़ा दिया जिससे यह हादसा हो गया।


