जनता का सच राष्ट्रीय हिन्दी समाचार पत्र
भोजीपुरा में तेज रफ्तार बाइक ने छह वर्षीय बच्ची को मारी टक्कर, मौत
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर अजीजपुर में शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली है।
जानकारी के अनुसार 11 सितंबर 2026 को गोपालपुर अजीजपुर निवासी सत्येंद्र सिंह की छह वर्षीय पुत्री रुतवी अपनी दादी के साथ मार्केट सामान लेने गई थी। इसी दौरान नौआ नगला निवासी उवैस पुत्र अयूब खान मोटरसाइकिल संख्या UP 25 EQ 6270 को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए श्री राममूर्ति मेडिकल कॉलेज, भोजीपुरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक उवैस को हिरासत में लेने के साथ मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
मृतका के चाचा अंकुर सिंह निवासी गोपालपुर अजीजपुर, भोजीपुरा ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भोजीपुरा थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मोटरसाइकिल कब्जे में है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनता का सच। संवाददाता विपुल शर्मा


