Advertisement

ग्राम रथ अभियान: ग्राम रथ क्विज 20 मई तक, करें भागीदारी सरकारी योजनाओं से जुड़े 6 सवालों का जवाब देकर डिजीटल सर्टिफिकेट प्राप्त करें, ग्रामीण विकास योजनाओं, अधिकारों व जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करें


ग्राम रथ अभियान: ग्राम रथ क्विज 20 मई तक, करें भागीदारी
सरकारी योजनाओं से जुड़े 6 सवालों का जवाब देकर डिजीटल सर्टिफिकेट प्राप्त करें, ग्रामीण विकास योजनाओं, अधिकारों व जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करें
जनता का सच
स्टेट चींफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 12 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “ग्राम रथ क्विज” प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह क्विज प्रतियोगिता 20 मई तक संचालित रहेगी, जिसमें ग्रामीण नागरिक भाग लेकर योजनाओं एवं अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत गांव-गांव पहुंच रहे रथों पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर कोई भी नागरिक आसानी से क्विज में भाग ले सकता है। क्विज में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े 6 प्रश्न पूछे जा रहे हैं। प्रतिभागियों द्वारा सभी प्रश्नों के सही उत्तर दिए जाने पर उन्हें डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। क्विज में भाग लेने के लिए वेबसाइट https://quiz.rkcl.in/quizdesc.php?exam=MjA= पर जाएं अथवा क्यूआर कोड स्कैन करें।
क्विज का उद्देश्य ग्रामीणों को डिजिटल माध्यमों से जोड़ते हुए योजनाओं की जानकारी सरल, रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराना है।
गौरतलब है कि ग्राम रथ अभियान के दौरान विभागीय अधिकारी ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दे रहे हैं। साथ ही किसानों एवं पशुपालकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जल संरक्षण, जैविक खेती, उन्नत बीज, ड्रोन तकनीक एवं बाजार आधारित कृषि प्रणाली के बारे में जागरूक किया जा रहा है। ग्राम रथों पर एलईडी स्क्रीन एवं ऑडियो-वीडियो माध्यमों से योजनाओं, कृषि नवाचारों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सुझाव पेटिका के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं भी प्राप्त की जा रही हैं, ताकि सरकार एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।
जिला प्रशासन ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण नागरिकों से “ग्राम रथ क्विज” में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। यह प्रतियोगिता योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है।

Janta Ka Sach News