
_ग्राम रथ अभियान-2026_
रथों के माध्यम से गांव-गांव मिल रही विकास योजनाओं एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 11 मईराजस्थान सरकार की ओर से संचालित “ग्राम विकास रथ” अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनका लाभ दिलवाना है। इस अभियान में वीडियो फिल्मों के साथ-साथ कला जत्थे की स्थानीय भाषा और लोक गीतों के जरिए प्रस्तुतियां योजनाओं को सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि रथों के साथ-साथ चल रहे कला जत्थों के कलाकार राज्य सरकार के विकास कार्यों की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी योजनाओं सहित विकास का संदेश सरल भाषा और आकर्षक अंदाज में ग्रामीणों तक पहुंचा रहे हैं। ग्रामीण भी अभियान के दौरान मिल रही जानकारी को उत्सुकता से ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बुडानिया के अनुसार, सोमवार को ग्राम रथों के माध्यम से सवाई माधोपुर जिले की दिवाड़ा, कुण्डली नदी, रजवाना, कुम्हारिया, चौथ का बरवाड़ा, श्यारोली, शेखपुर, गुगडोद, जयलालपुरा एवं बंपूई ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया। रथों में सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से आमजन अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं।


