
*प्रेमी को कमरे में बंद कर जलाने की आरोपी महिला गिरफ्तार*
रिपोर्टर अमृत कुमार पाण्डेय जिला क्राइम जनता का सच
बस्ती। मुण्डेरवा पुलिस ने युवक को कमरे में बंद कर आग लगाने के मामले में वांछित चल रही आरोपी महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्ता को मुण्डेरवा रेलवे स्टेशन से दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता क्रांति चौधरी पत्नी दयाशंकर निवासी थाल्हापार थाना लालगंज जनपद बस्ती है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 02 मई 2026 को सरस्वती पत्नी सीताराम गुप्ता निवासी बरहुआ थाना मुण्डेरवा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि क्रांति चौधरी उनके पुत्र रामचंद्र गुप्ता के साथ पिछले चार वर्षों से बिना शादी किए पति-पत्नी की तरह रह रही थी और बीते दो माह से उनके घर में निवास कर रही थी।
आरोप है कि एक मई की रात करीब 11 बजे क्रांति चौधरी ने कमरे में आग लगा दी और दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गई, जिससे रामचंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था।
मामले में थाना मुण्डेरवा पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान 06 मई की रात लगभग 10 बजे रामचंद्र की मौत हो गई। युवक की मृत्यु के बाद पुलिस ने मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई तेज कर दी और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मुण्डेरवा प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव, हेड कांस्टेबल पुनीत पाठक, कांस्टेबल कामोद कुशवाहा तथा महिला कांस्टेबल मौसम यादव शामिल रहीं।


