
गांव की समस्या, गांव में समाधान के बैनर तले अलीदापुर में हुआ ग्राम चौपाल
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।
विकास खण्ड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत अलीदापुर में गांव की समस्या, गांव में समाधान के बैनर तले ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान पंकज चौबे ने किया। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों को केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय तथा विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (जी-राम-जी) ग्रामीण योजना के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की भांति ग्राम पंचायतों में भी पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए, क्योंकि गांवों में इसकी अधिक आवश्यकता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि विगत पांच वर्षों में ग्राम पंचायत में एक भी आवास नहीं मिला है। उन्होंने मनरेगा के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को ग्राम प्रधानों का भुगतान शीघ्र कर देना चाहिए, ताकि जिन फर्मों व दुकानदारों ने ग्राम पंचायत को सामग्री उपलब्ध कराई है, उन्हें धनराशि दी जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधान गांव और समाज का जिम्मेदार व्यक्ति होता है तथा भुगतान लंबित होने से उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सचिव निशा श्रीवास्तव ने ब्लॉक स्तरीय योजनाओं की जानकारी दी तथा स्वच्छता बनाये रखने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु की सूचना 21 दिन के भीतर ग्राम प्रधान या सचिव को देने से लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। आरबीआई बैंक प्रतिनिधि सन्तोष शुक्ला ने बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के लिए मशरूम की खेती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, अचार एवं मसाला पाउडर जैसे गृह उद्योगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।महिला विकास संस्थान से ब्लॉक ऑफिसर अमन शर्मा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए शपथ दिलाई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। जिला सलाहकार जय प्रकाश ने दिसम्बर 2026 तक उत्तर प्रदेश को बालश्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और बाल मजदूरी रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान बाल अधिकारों एवं सुकन्या समृद्धि योजना के लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों को पंजीकरण, दुर्घटना सहायता, मातृत्व लाभ, छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, पेंशन एवं चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं के बारे में बताया गया। साथ ही ग्रामीणों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान सीएचओ खुशबू, एएनएम हिमानी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनीता देवी, सुधा मिश्रा, मीरा श्रीवास्तव, बिन्दु गुप्ता, आशा ममता देवी, सुभावती सहित गाँव के अबुबकर, समीउल्लाह, राम सबोर, मोहम्मद इस्लाम, तबारक अली, ममता, गंगाराम, राम सवारे, लालचंद, लखीचंद, सफी मोहम्मद, निशा, राबिया खातून आदि मौजूद रहे।


