Advertisement

जिले में 76 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी परीक्षा


जिले में 76 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण की, अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचने की अपील
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 8 मई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा-2026 जिले में 9 एवं 10 मई को आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला परीक्षा समन्वयक सुदर्शन सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि 9 मई 2026 को प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन जिला मुख्यालय के 27 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा, जिसमें कुल 8 हजार 376 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। वहीं 10 मई 2026 को प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर के 30 तथा उपखण्ड मुख्यालय गंगापुर सिटी के 19 परीक्षा केन्द्रों सहित कुल 49 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर 9 हजार 120 तथा गंगापुर सिटी में 6 हजार 120 सहित कुल 15 हजार 240 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

जिला परीक्षा समन्वयक ने बताया कि 9 मई को आयोजित परीक्षा हेतु 20 निजी एवं 7 राजकीय परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं 10 मई को जिला मुख्यालय पर 21 निजी एवं 9 राजकीय तथा गंगापुर सिटी में 14 निजी एवं 5 राजकीय परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक दो परीक्षा केन्द्रों पर एक उप समन्वयक नियुक्त किया गया है। साथ ही सभी निजी परीक्षा केन्द्रों पर अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक एवं निजी केन्द्रों पर 2-2 तथा राजकीय केन्द्रों पर 1-1 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा से संबंधित सूचना एवं शिकायतों के निस्तारण हेतु परीक्षा अवधि के दौरान प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक नियंत्रण कक्ष दूरभाष नम्बर 07462-220323 सक्रिय रूप से कार्यरत रहेगा।
जिला परीक्षा समन्वयक ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा प्रारम्भ होने से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें तथा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं प्रवेश पत्र में उल्लिखित नियमों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी परीक्षा केन्द्रों पर गोपनीयता एवं सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाएंगी

Janta Ka Sach News