
जनपद महाराजगंज के विकासखंड घुघली अंतर्गत ग्राम सभा भरवलिया स्थित उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय परिसर में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया जा रहा है। बच्चों को मानक के विपरीत पोषाहार दिए जाने की शिकायत सामने आई है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में इंटरलॉक के किनारे गड्ढा बन जाने से पानी जमा हो रहा है, जिससे बच्चों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण संक्रमण फैलने की भी आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा इस समस्या पर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर विद्यालय की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।


