
कलक्टर ने खण्डीप ग्राम पंचायत में सुनी आमजन की समस्याएं
कुल 25 परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 7 मई। जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को वजीरपुर उपखंड क्षेत्र की खण्डीप ग्राम पंचायत पहुंचकर ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा सीसी सड़क निर्माण, आम रास्तों से अतिक्रमण हटवाने, किसान सम्मान निधि योजना की किस्त समय पर दिलवाने, अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने, जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को पुनः दुरुस्त करवाने, सामुदायिक शौचालय निर्माण, विद्युत पोल लगवाने, मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने, पालनहार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलवाने तथा जॉब कार्ड पुनः चालू करवाने सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 25 प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
सभी परिवादियों को संवेदनशीलता से सुनते हुए कलक्टर काना राम ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही प्राथमिकता से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें एवं समस्या समाधान हेतु जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक परिवाद की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनवाई कर निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा परिवादी को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
*पीएम आवास योजना की अन्तिम किस्त के भुगतान के निर्देश:-* जनसुनवाई के दौरान परिवादी रामसिंह मीणा ने कलक्टर को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की जियो टैगिंग होने के बावजूद अंतिम किस्त का भुगतान नहीं हो रहा है। इस पर काना राम ने संबंधित विभागीय अधिकारी को तत्काल जॉब कार्ड पुनः शुरू करवाकर पात्रता अनुसार अंतिम किस्त जारी करवाने के निर्देश दिए।
*क्षेत्र में सिलिकोसिस की जांच के लिए स्वास्थ्य सर्वे होगा:-* जिला कलक्टर ने सिलिकोसिस से संबंधित परिवाद प्राप्त होने पर संवेदनशीलता दिखाते हुए ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. रामचरण मीणा को क्षेत्र में सिलिकोसिस रोगियों की पहचान कर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं एक परिवादी द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने की मांग पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही दस्तावेजों की जांच करवाकर ई-मित्र के माध्यम से आवेदन करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
*पालनहार योजना के लाभार्थी बच्चों से बात:-* कलक्टर ने जन सुनवाई में पहुंचे पालनहार योजना से जुड़े 3 छोटे बच्चों से भी बात की और उनके आंगनवाड़ी तथा स्कूल में पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सुनवाई के दौरान विशेष रूप से पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुधा रानी, विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर, पशुपालन विभाग के डॉ. सुरेश चन्द मीणा, जेईएन वजीरपुर अखलेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


