Advertisement

रेलवे स्टेशन पर जल्द खुलेगा जन औषधि केंद्र, यात्रियों को मिलेंगी सस्ती दवाएं*


*रेलवे स्टेशन पर जल्द खुलेगा जन औषधि केंद्र, यात्रियों को मिलेंगी सस्ती दवाएं*

रिपोर्ट अमृत कुमार पाण्डेय क्राइम जनता का सच

बस्ती।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (पीएमबीजेके) के तहत अब बस्ती रेलवे स्टेशन पर भी जल्द सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। स्टेशन परिसर में जन औषधि केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर ऐसे केंद्र खुलने से यात्रियों, स्थानीय लोगों और रेल कर्मचारियों को आसानी से सस्ती जेनेरिक दवाएं मिल सकेंगी। इससे इलाज पर होने वाला खर्च काफी हद तक कम होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत कासगंज, गोंडा, बलिया, काशीपुर, लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, छपरा, फर्रुखाबाद, बरेली सिटी और बादशाहनगर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर पहले से ही जन औषधि केंद्र संचालित हैं। हाल ही में देवरिया सदर स्टेशन पर भी यह सुविधा शुरू की गई है, जिससे ऐसे स्टेशनों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार अब बस्ती, बनारस, ऐशबाग और वाराणसी सिटी सहित अन्य स्टेशनों पर भी जन औषधि केंद्र खोलने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके शुरू होने से यात्रियों और आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Janta Ka Sach News