
*ट्रेलर की टक्कर से कार सवार युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर घायल*
अमृत कुमार पाण्डेय क्राइम जिला रिपोर्टर जनता का सच
बस्ती।
जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ढेकी गांव निवासी श्याम नारायण दुबे अपने चचेरे भाई निहाल दुबे के साथ कार से बस्ती से घर लौट रहे थे। बस्ती–डुमरियागंज मार्ग पर स्थित मनौरी चौराहे के पास पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाते समय श्याम नारायण दुबे ने दम तोड़ दिया, जबकि निहाल दुबे का इलाज जारी है।
वाल्टरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रेलर और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मृतक श्याम नारायण दुबे अपने पीछे पत्नी सत्यभामा, पुत्र तेजस और पुत्री पीहू को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


