
महराजगंज, 06 मई 2026, नवागत जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने आज जनपद महराजगंज के जिलाधिकारी के रूप में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पूर्वान्ह में कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उनका स्वागत मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने कोषागार में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कीं। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्षों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रशासनिक प्राथमिकताओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी एवं समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित “लखपति दीदी” योजना का उल्लेख करते हुए निर्देशित किया कि इसके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने नगर विकास को भी प्राथमिकता में रखते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रभावी संचालन पर बल दिया और कहा कि जनपद को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श जनपद के रूप में स्थापित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे। जिलाधिकारी महोदय ने राजस्व वादों के निस्तारण को भी शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए, जिससे आमजन को न्याय एवं राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वगणना को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए और कहा कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। अंत में जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समस्त अधिकारीगण मिलकर जनपद के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


