
सवाई माधोपुर में 11 मई को कैरियर काउंसलिंग सेमिनार
मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को मिलेगी नई दिशा
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 6 मई।जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा तय करने में सहायता के लिए 11 मई, सोमवार को एक करियर काउंसलिंग सेमीनार का आयोजन होगा। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल भविष्य की उड़ान के तहत इस आयोजन में भागीदारी के लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। सेमीनार जिला मुख्यालय स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में प्रातः 10 बजे आयोजित होगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि यह सेमिनार विशेष रूप से जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके करियर चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार के विविध अवसरों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
बुडानिया के अनुसार, सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद का विशेष अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम में जिला कलक्टर काना राम विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।
शिक्षा विभाग के एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सेमिनार में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 मई से प्रारंभ हो चुका है, जो 10 मई को सायं 5 बजे तक जारी रहेगा। पात्र विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन लिंक https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSdBzzyHKy-aEOcA0rYB-mTk461Yycrivr6RTtOq7_8lpuwOtQ/viewform?usp=publish-editor के माध्यम से गूगल फॉर्म एवं क्यू आर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से इस महत्वपूर्ण आयोजन का लाभ उठाने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की है। यह सेमिनार विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


