
सिद्धार्थनगर जिले की 43वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों द्वारा मानवता, सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही का उत्कृष्ट परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल महिला को वाहिनी की एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर पहुचाया । प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक दंपत्ति सिद्धार्थनगर से जोगिया की ओर एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहे थें, यात्रा के दौरान महिला को मोटरसाइकिल पर बैठे-बैठे अचानक चक्कर आ गया, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठी और वाहिनी मुख्यालय, सिद्धार्थनगर के मुख्य द्वार के समीप चलती मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर गई। इस दुर्घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई तथा वह अचेत अवस्था में हो गई। घटना स्थल पर उपस्थित 43वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के सतर्क कार्मिकों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना समय गंवाए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। कार्मिकों द्वारा प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए घायल महिला को सुरक्षित रूप से उठाया गया तथा वाहिनी की एम्बुलेंस की सहायता से शीघ्रता से जिला चिकित्सालय, सिद्धार्थनगर पहुंचाया गया। चिकित्सालय में महिला का तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना के दौरान सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने न केवल अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, बल्कि मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया रिपोटेर अभिनाश श्रीवास्तव


