
महराजगंज, दिनांक 02 मई 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा नौतनवा तहसील के ग्राम पंचायत सेखुआनी स्थित श्री सुभाषचन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, सोनौली नौतनवा में कार्यदायी संस्था यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, महराजगंज द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरिया में जंग लगे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि सरिया की समुचित रासायनिक उपचार के पश्चात ही उसका उपयोग किया जाए अथवा नई सरिया लगाकर निर्माण कार्य कराया जाए। उन्होंने निर्माण स्थल पर जगह-जगह बने गड्ढों को देखकर उन्हें तत्काल मिट्टी भरकर समतल कराने के निर्देश भी दिए। आवासीय विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के रहने हेतु दो आवासीय परिसर निर्मित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 21 कमरे बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि भवन निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी भी जांच में कमी पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
परियोजना की स्वीकृत लागत 1030 लाख रुपये है, जिसमें से 515 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। कार्य वर्ष 2024 में प्रारम्भ हुआ था तथा अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। निरीक्षण के समय एसडीएम नौतनवा श्री नवीन कुमार, डीआईओएस श्री प्रदीप कुमार शर्मा सहित कार्यदायी संस्था के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


