
*संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी समस्या, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का दिया निर्देश।*
महराजगंज, 02 मई 2026, जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील नौतनवा में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में जनशिकायतों की सुनवाई की गयी। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महोदय के समक्ष 187 मामलों/ जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए मौके पर ही 18 प्रकरणो को निस्तारित कर दिया गया। शेष जनशिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए 01 सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए । जिलाधिकारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस के प्रकरण और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी समय और गुणवत्ता का ध्यान रखें। अधिकारी शिकायतों का निस्तारण अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित कराएं। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी अधिकारी स्वयं करें।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जिन मामलों में पुलिस से सहयोग की अपेक्षा है, उनमें पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर निस्तारण को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को एलपीजी सिलिंडर संबंधी शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं को क्रियान्वयन प्रभावी रूप से कराये। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को वीबी–जी रामजी की कार्ययोजना ससमय तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने गांवों को भूमि विवाद मुक्त करने हेतु विवादों को वर्गीकृत करते हुए समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी महोदय के समक्ष अधिकांश जनशिकायतें राजस्व व पुलिस, पूर्ति विभाग, पेंशन तथा विद्युत विभाग आदि से संबंधित थीं।संपूर्ण समाधान दिवस में डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम नवीन प्रसाद, सीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद, परियोजना निदेशक श्री रामदरश चौधरी, अधिशासी अभियंता श्री आतिफ हुसैन, तहसीलदार करण सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त व निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


