Advertisement

महराजगंज, 01 मई 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने आज अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर नगर क्षेत्र स्थित सक्सेना चौराहे पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया


महराजगंज, 01 मई 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने आज अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर नगर क्षेत्र स्थित सक्सेना चौराहे पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में कुल 72 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर में महिला श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
जिलाधिकारी श्री शर्मा ने स्वास्थ्य परीक्षण करा रहे श्रमिकों से संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, जिससे श्रमिक वर्ग को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर अम्बेडकर पार्क पहुंचकर भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मानवता के संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
तत्पश्चात नगर पालिका परिषद सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह के सीधा ऑनलाइन प्रसारण कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिकों के सम्मान एवं कल्याण से संबंधित विभिन्न संदेशों का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने देखा।
ऑनलाइन प्रसारण के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पालिका के श्रमिकों को सम्मानित किया तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री जी द्वारा श्रमिकों को श्रमवीर की संज्ञा दी गई है, जो उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि श्रम किसी भी समाज की प्रगति का मूल आधार है और श्रम किसी प्रकार का हो श्रम करने में किसी प्रकार की शर्म नहीं होनी चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग का श्रम राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, चाहे उसका स्वरूप कोई भी हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मानना था कि एक सफाईकर्मी का श्रम उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना किसी डॉक्टर या इंजीनियर का। उन्होंने दोनों को समान माना है। सरकार की भी यही धारणा है इसीलिए सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों का कल्याण है। उन्होंने सभी उपस्थित श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशान्त कुमार, अपर उप जिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती पुष्पलता मंगल, निर्मेष मंगल, रामप्रभेश सिंह, चन्दन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News