
जिला कलक्टर ने जनगणना-2027 के लिए अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने
1 से 15 मई तक स्व-गणना, 16 मई से प्रगणक करेंगे घर-घर सर्वे
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 1 मई।जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी काना राम ने शुक्रवार को जनगणना-2027 के तहत प्रारंभ हुए स्व-गणना चरण में हिस्सा लिया और जिलेवासियों को इस राष्ट्रीय महाअभियान से जुड़ने का संदेश दिया। कलक्टर ने आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना पूर्ण की तथा आमजन से 15 मई 2026 तक अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना से संबंधित है, जिसके अंतर्गत स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके पश्चात 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना कार्य करेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करने में लगभग 5-10 मिनट का समय लगता है तथा सफल सबमिशन के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होती है, जिसे प्रगणक को दिखाना होगा।
जनगणना- 2027 के स्वगणना चरण हेतु आमजन निर्धारित 9 स्टेप पूर्ण करें:- स्वगणना चरण के दौरान उपयोगकर्ता हेतु मार्गदर्शिका तैयार की गई है। जनगणना के स्वगणना चरण के दौरान आमजन निर्धारित 9 स्टेप पूरे कर स्वगणना पूर्ण कर सकते हैं।
*स्टेप 1 प्रवेश और प्रारंभिक लॉगिन पोर्टल:-* स्वगणना चरण के दौरान पोर्टल पर पहुंचने के लिए se.census.gov.in पर जाकर राजस्थान राज्य चयन व कैप्चा दर्ज करें।
*स्टेप 2 परिवार का पंजीकरण:-* दूसरे स्टेप में परिवार मुखिया का नाम व एक मोबाइल नंबर दर्ज करें (बाद में परिवर्तन संभव नहीं)।
*स्टेप 3 भाषा चयन एवं ओटीपी सत्यापन:-* इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा सावधानीपूर्वक चुनें। अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त एक-बार उपयोग होने वाला पासवर्ड (ओटीपी) दर्ज कर सत्यापन करें और आगे बढ़े।
*स्टेप 4 स्थान का संबंधी विवरण प्रदान करें:-* अपना जिला- सवाई माधोपुर चुनें और अपना पिन कोड (वैकल्पिक) दर्ज करें। इसके पश्चात अपने गाँव, नगर, स्थानीय क्षेत्र तथा निकटवती पहचान-चिहन (लैंडमार्क) का नाम दर्ज करें। इसके बाद खोज पर क्लिक करें।
*स्टेप 5 मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिन्हित करें:-* स्क्रीन पर एक लाल संकेतक (मार्कर) के साथ मानचित्र प्रदर्शित होगा। इस संकेतक को खींचकर अपने निवास स्थान के सटीक स्थान पर रखें ताकि आवासीय भवन का सही स्थान चिन्हित किया जा सके। इसके बाद “सहेजें और आगे बढ़े” पर क्लिक करें।
*स्टेप 6 प्रश्नावली को पूर्ण करें:-* मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रश्नावली को भरें। मकान, परिवार एवं सुविधाओं से संबंधित सभी जानकारी दर्ज करें। भवन संख्या, जनगणना मकान संख्या, जनगणना मकान का उपयोग तथा परिवार क्रमांक जैसी कुछ जानकारी प्रगणक द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अलग से दर्ज की जाएगी।
*स्टेप 7 दर्ज किए गए डेटा का पूर्वावलोकन एवं समीक्षा:-* पूर्वावलोकन स्क्रीन के माध्यम से सभी दर्ज की गई जानकारी को अनुभाग- वार जांच कर डेटा में संशोधन किया जा सकता है।
*स्टेप 8 अंतिम प्रस्तुतीकरण डेटा लॉक करना:-* जब आप संतुष्ट हो, तब “पुष्टि करें और सबमिट करें” पर क्लिक करें। इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा, सिवाय इसके कि प्रगणक द्वारा आपके क्षेत्र के भ्रमण के दौरान आवश्यक परिवर्तन किए जाएं।
सफल प्रस्तुतीकरण के पश्चात “H” से प्रारंभ होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट एसई आईडी उत्पन्न होगी और प्रदर्शित की जाएगी। यह एसई आईडी एसएमएस तथा ई-मेल (यदि प्रदान किया गया हो) के माध्यम से भी भेजी जाएगी। इसे स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित रखना तथा लिखकर नोट कर लेना अनुशंसित है। एसई आईडी को पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से पोर्टल से बाद में भी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।
*स्टेप 9 क्षेत्रीय सत्यापन प्रगणक द्वारा घर का भ्रमण:* – द्वितीय चरण में मकानसूचीकरण के दौरान 16 मई से 14 जून के मध्य जब जनगणना प्रगणक आपके घर आए, तो उन्हें अपनी एसई आईडी प्रदान करें, जिससे प्रक्रिया सत्यापित होगी।
यदि एसई आईडी प्रगणक के मोबाइल एप्प में उपलब्ध किसी भी एसई आईडी से मेल खाती है, तो आपका स्व-गणना डेटा सत्यापित, स्वीकार एवं प्रस्तुत कर दिया जाएगा। यदि एसई आईडी का मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक आपके परिवार की जानकारी पुनः एकत्र करेगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना-2027 पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया है, जिससे सटीक जानकारी के साथ तेज डेटा प्रसंस्करण और समय की बचत होगी। यह विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।


