Advertisement

ब्यूटी पार्लर संचालिका का संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


ब्यूटी पार्लर संचालिका का संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
प्रदीप मिश्रा
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र स्थित मुस्तफा मार्केट में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रानी साहिबा के रूप में हुई है, जो “एंजल ब्यूटी पार्लर” के नाम से अपना पार्लर संचालित करती थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार, रानी साहिबा रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 10 बजे पार्लर खोलने के लिए बरदहिया बाजार स्थित मुस्तफा मार्केट गई थीं। शाम करीब 7:30 बजे जब परिजनों ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका पर परिजन तत्काल पार्लर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला।

दरवाजा तोड़कर जब परिजन अंदर पहुंचे तो तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल खलीलाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Janta Ka Sach News