Advertisement

जिलाधिकारी की सख्ती: योजनाओं के प्रचार और समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश*


*जिलाधिकारी की सख्ती: योजनाओं के प्रचार और समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश*

*डीएम की अध्यक्षता में बैठक: स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले*

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों से आवेदन कराए जाएं, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मिले लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। मेसर्स अंकुर प्लास्टिक इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अरुण सिंह ने बताया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति न होने के कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय को स्वतंत्र फीडर की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। औद्योगिक संस्थान बनरही में जल निकासी की समस्या पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। वहीं शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के खराब होने की सूचना पर उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। महिला अस्पताल परिसर और चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नई उपयुक्त जगह चिन्हित कर जल्द निर्माण कराने को कहा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग को 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और अधिकारियों को फोन रिसीव करने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट मीटर को लेकर मिल रही शिकायतों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार की रोक है, तब तक स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं। इसके अलावा श्रमिकों के अनिवार्य पंजीकरण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ईंट भट्टों सहित सभी कार्यस्थलों पर श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Janta Ka Sach News