
*मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में 25 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होग
जानता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” के अंतर्गत 25 अप्रैल 2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में विशेष ग्राम सभा/वार्ड सभा का आयोजन प्रातः 10 बजे से ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित भारत निर्माण सेवा केन्द्रों पर किया जाएगा। इन सभाओं के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं, विकास प्राथमिकताओं एवं जन आकांक्षाओं के आधार पर ग्राम/वार्ड का समग्र विकास ढांचा तैयार किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद गौरव बुड़ानिया ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड के लिए डायनामिक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसे निर्धारित समयसीमा में अंतिम रूप देकर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में प्रभारी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जो आवंटित ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहकर विशेष ग्राम सभाओं का पर्यवेक्षण करेंगे।
विशेष ग्राम सभाओं में “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” के अंतर्गत निर्धारित सूचकांकों पर चर्चा एवं अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों की आकांक्षाओं एवं प्राथमिकताओं का निर्धारण करते हुए “वृक्षारोपण अभियान”, “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान”, “अटल ज्ञान केन्द्र” की स्थापना एवं संचालन तथा किसान रजिस्ट्री पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सुझाव पेटिका, क्यूआर कोड आधारित फीडबैक एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए आमजन से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। जीआईएस आधारित मैपिंग एवं डेटा संकलन के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं का वैज्ञानिक विश्लेषण कर वर्ष 2030, 2035 एवं 2047 तक की विकास योजनाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सभाओं की पूर्व तैयारियां सुनिश्चित कर अधिकतम जनसहभागिता के साथ इन बैठकों को सफल बनाया जाए तथा प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर मास्टर प्लान में सम्मिलित किया जाए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी की आमजन से अपील :- मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने जिले के नागरिकों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 25 अप्रैल को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं/वार्ड सभाओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्राथमिकता एवं सुझाव प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जो हितधारक किसी कारण से ग्राम सभाओं में उपस्थित नहीं हो सकते वे सुझाव पेटिकाओं और जिला प्रशासन के अपना गांव एप https://play.google.com/store/apps/details?id=com.technew.apnaganv के माध्यम से अपने सुझाव दे सकते है। उन्होंने कहा कि “जनभागीदारी के आधार पर तैयार होने वाला यह मास्टर प्लान जिले के समग्र, संतुलित एवं दूरदर्शी विकास की दिशा तय करेगा। आइए, हम सभी मिलकर अपने गांव एवं शहरों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें


