
महराजगंज, 23 अप्रैल 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा कैम्प कार्यालय में राजस्व एवं करेत्तर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने मण्डी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थ, जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं गैस आपूर्ति, गन्ना भुगतान, डूडा आवास, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि, अधिवास प्रमाण पत्र, राजस्व वादों के निस्तारण, आपदा राहत, एण्टी-भू-माफिया, मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना बीमा, राजस्व वसूली, स्वामित्व, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प, आई.जी.आर.एस. तथा आबकारी आय से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व वसूली को तेज किया जाए। उन्होंने विशेषकर मंडियों और निकायों को राजस्व वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जिन विभागों को इस वर्ष का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, वे विभाग विगत वर्ष के लक्ष्य में न्यूनतम 25 प्रतिशत की वृद्धि को जोड़ते हुए राजस्व वसूली को सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर के प्रकरणों में मिशन मोड में बिजली बिल में सुधार कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा डूडा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवासों के कम्प्लीशन तथा अधूरे भवनों को यथाशीघ्र पूर्ण करने एवं पीएम स्वनिधि के अंतर्गत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पीएम आवास में अगली किश्त भेजने से पूर्व फील्ड सर्वे अवश्य कराएं और जो लाभार्थी आवास निर्माण कर रहे हैं केवल उन्हें ही किश्त अंतरित की जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि धारा 24 के अंतर्गत वादों, अधिवास प्रमाण पत्र, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों तथा स्वामित्व से संबंधित किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए तथा विशेष रूप से राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर सभी कार्यालयाध्यक्ष नजर रखें और विभागीय प्रगति को बेहतर करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री नवनीत गोयल, अपर एसडीएम श्री प्रेम शंकर पांडेय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री मनोज सिंह, आबकारी अधिकारी श्री अतुल द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार ऑनलाइन उपस्थित रहे।


