
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण से पूर्व प्रभावित गांवों में होगी जनसुनवाई
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 18 अप्रैल। राज्य में प्रस्तावित ब्यावर-भरतपुर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत सवाई माधोपुर जिले के प्रभावित क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया से पूर्व जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यह जनसुनवाई भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 तथा राजस्थान नियम, 2016 के प्रावधानों के तहत आयोजित की जा रही है।
भूमि अवाप्ति अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी वजीरपुर ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड गंगापुर सिटी के अधिशाषी अभियंता द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परियोजना के तहत चार या छह लेन एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए प्रभावित गांवों में सामाजिक प्रभाव आंकलन (एसआईए) के तहत जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिससे प्रभावित व्यक्तियों को अपनी आपत्तियां एवं सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 4 मई को प्रातः 11 बजे वजीरपुर तहसील के प्रभावित राजस्व ग्राम रेण्डायल गुर्जर, रेण्डायल तुर्क, चक रेण्डायल गुर्जर, 5 मई को मोहचा, खेडला जनेतपुर तथा 6 मई को भालपुर, बाढ़रायल, कैमरीखुर्द के भारत निर्माण सेवा केन्द्र में जनसुनवाई का आयोजन होगा।
प्रशासन ने सभी प्रभावित भू-स्वामियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से संपन्न की जा सके।


