
जिला कलक्टर ने पेयजल वितरण व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण
राईजिंग लाइन पर अवैध जल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हे तत्काल हटाएं
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
गर्मियों के मौसम को देखते हुए जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को करौली में विभिन्न स्थानों पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल वितरण व्यवस्था, पानी की टंकियों की क्षमता, पम्प हाउस नलकूपों आदि की यथास्थिति का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। इसके साथ-साथ पानी की टंकियों की साफ-सफाई, जल भंडारण क्षमता और वितरण समय की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने शहरी योजना के अंतर्गत पीएचईडी कार्यालय, पीजी कॉलेज के पीछे, प्राइवेट बस स्टैंड, गणेश गेट, मेला मैदान, गुलाबबाग, स्टेडियम, तीन बड़, मासलपुर गेट, कृषि मंडी रणगवां ताल आदि स्थित पम्प हाउस, पानी के टंकियों का निरीक्षण किया। साथ ही जेजेएम (ग्रामीण) योजना के अंतर्गत बिरवास-मांची पम्प हाउस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने राईजिंग मेन पाईप लाइन पर अवैध जल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हे हटाने एवं नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के अधीक्षण अभियंता प्रकाश चंद मीणा को प्रदान किए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पानी सप्लाई के दौरान बुस्टर लगाने वालो पर नियमानुसार कार्यवाही करने के आदेश भी पीएचईड़ी विभाग के अधिकारियों को प्रदान किए। कलक्टर ने कहा कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
जहां कहीं भी पेयजल आपूर्ति में व्यवधान सामने आए तो वहां टैंकरो द्वारा तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए। उन्होंने टंकियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और क्लोरीनीकरण की नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।निरीक्षण के दौरान जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रकाश चंद्र मीणा, अधिशासी अभियंता विजय कुमार मीणा, सहायक अभियंता गज्जू जाटव, हेमेन्द्र कुमार प्रजापति, जे.पी मीणा, कनिष्ठ अभियन्ता अखलेश कुमार जादौन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थिति रहे।


