Advertisement

कोटा में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम “पृथ्वी बचाना हम सबकी जिम्मेदारी”: सहायक निदेशक मीणा


कोटा में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
“पृथ्वी बचाना हम सबकी जिम्मेदारी”: सहायक निदेशक मीणा
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाह
कोटा, 22 अप्रैल 2026। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा सुधा फार्मेसी कॉलेज, नयागांव, रावतभाटा रोड कोटा के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमें हर दिन पर्यावरण संरक्षण के लिए सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस दिवस का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रदूषण को कम करना और पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस प्रतिवर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1970 में अमेरिकी सीनेटर गेलॉर्ड नेल्सन द्वारा की गई थी और आज इसे 193 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य श्री राज राजेश्वर सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” है, जो नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु संतुलन और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल देती है। उन्होंने कहा कि यह दिन ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पृथ्वी की रक्षा का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने किया।

इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षकगण मोहित नागर, रवि नागर, विश्वजीत सिंह, नितिन वर्मा, हिमांशु गौतम, हेमंत खटीक, मोना सोलंकी एवं मोहम्मद जावेद सहित बड़ी संख्या में एएनएम एवं जीएनएम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

—-

Janta Ka Sach News