
*एडीएम ने गंगापुर सिटी के चिकित्सालयों का किया औचक निरीक्षण
*लापरवाही पर सख्ती, व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने , दोषी कार्मिकों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
*सवाई माधोपुर, 22 अप्रैल।* अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह ने बुधवार को गंगापुर सिटी शहरी क्षेत्र के विभिन्न राजकीय चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में पंचकर्म सेवाओं हेतु स्टाफ की दक्षता में कमी, चिकित्सक एवं कार्मिकों द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म का उपयोग नहीं किया जाना, शौचालयों पर ताले लगे होना, साफ-सफाई का अभाव एवं शौचालयों के अक्रियाशील पाए जाने पर एडीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही खुले विद्युत तार पाए जाने को गंभीर सुरक्षा जोखिम मानते हुए तत्काल दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए।
राजकीय यूनानी चिकित्सालय में शौचालयों की अनुपयोगी स्थिति एवं स्थानाभाव तथा राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय में भवन आवंटन संबंधी राजस्व अभिलेखों में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए।
शहरी पीएचसी, उदेई मोड़ में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा यूनिफॉर्म का पालन नहीं करना, ओपीडी स्लिप में रोग विवरण का अभाव तथा औषधि वितरण के पश्चात प्राप्ति हस्ताक्षर नहीं लेना गंभीर लापरवाही माना गया। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उस्मान कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान कार्य समय में ताला लगा पाया जाना अत्यंत गंभीर मानते हुए जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छता, अनुशासन, रिकॉर्ड संधारण एवं सेवा गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संस्थान प्रमुखों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए


