
एनएच-730 के तुलसियापुर चौराहे पर बोलेरो-स्कूटी की आमने-सामने भिड़न्त, युवक की हालत गम्भीर
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।
थाना क्षेत्र ढेबरूआ के तुलसियापुर चौराहे पर बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बोलेरो और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एनएच पर एसबीआई बैंक तुलसियापुर के सामने पश्चिम दिशा से आ रही महिंद्रा बोलेरो (संख्या UP-55-X-8287) और पूरब दिशा से आ रही स्कूटी (संख्या UP-55-AS-0633) में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बोलेरो के अगले हिस्से में भी नुकसान हुआ।
वहीं घायल युवक की पहचान 34 वर्षीय राजेन्द्र पुत्र राम चन्दर, निवासी वार्ड नम्बर-06 आर्य नगर, नगर पंचायत शोहरतगढ़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेन्द्र कस्बे में शान्ति मार्केट के सामने मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। हादसे में उसके सिर और पेट में गम्भीर चोटें आयी हैं। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ0 अभय भारती ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


