
महराजगंज, 18 अप्रैल 2026, जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील फरेंदा सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जन शिकायतों की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर की गई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों पर गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण में वादी शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट नहीं है, तो संबंधित क्षेत्र के लेखपाल, राजस्व कानूनगो एवं अन्य अधिकारियों से स्वतंत्र रूप से जांच कराई जाए। यदि जांच रिपोर्टों में समानता पाई जाती है, तो उसे उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जन शिकायतों की सुनवाई करें तथा उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए, जिससे अधिकाधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी महोदय ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गौशालाओं के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को तत्काल गौशालाओं में संरक्षित किया जाए तथा उनके लिए चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम फरेंदा श्री शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार फरेंदा श्री वशिष्ठ वर्मा, डीडीओ श्री बी.एन. कन्नौजिया, डीआईओएस श्री पी.के. शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


