
*6 घंटे की मैराथन बैठक में सुशासन पर सख्त संदेश*
*कलक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा*
*जन शिकायतों के तत्काल समाधान, विकास और स्वच्छता अभियानों में गति पर जोर
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 18 अप्रैल।
जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में राजस्व एवं उपखण्ड अधिकारियों की लगभग 6 घंटे की मैराथन बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने सुशासन, राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण एवं विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रकारणों की विस्तृत समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित नामांतकरण, सीमांकन, बंटवारा, राजस्व वसूली, भू-अधिग्रहण आदि के लंबित प्रकरणों पर उपखण्ड अधिकारी एवं तहसील स्तर के अधिकारियों को प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान हो तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के त्वरित समाधान तथा समय- सीमा के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। बैठक में भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण, रिकॉर्ड संधारण, ई-फाइलिंग प्रणाली के प्रभावी उपयोग एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
*गंगापुर सिटी में सफाई और अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलेगा* जिला कलक्टर ने गंगापुर सिटी में विशेष सफाई अभियान चलाने, अतिक्रमण हटाने तथा आगामी बारिश से पूर्व नालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास सुदृढ़ होगा। उन्होंने अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह से इन अभियानों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट भिजवाने के भी निर्देश दिए।
*अंतर विभागीय समन्वय और विकास कार्यों पर फोकस , पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा देने के दिए निर्देश*
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी उपखण्डों के अंतर-विभागीय मुद्दों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा आपसी समन्वय के माध्यम से उनके समाधान पर जोर दिया। उन्होंने बौंली उपखण्ड में डेजर्ट सफारी एवं ऐतिहासिक किले के विकास हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह आवश्यक है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के लिए बौंली उपखण्ड के बांस टोडरा क्षेत्र में मूर्ति बाजार अथवा हाट बाजार विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिल सकेगा।
*शहरी विकास योजनाओं में मास्टर प्लान की पालना अनिवार्य* जिला कलक्टर काना राम ने नगरीय विकास विभाग एवं राजस्व विभाग के जॉइंट सर्कुलर की पालना करते हुए सभी शहरी विकास योजनाएं मास्टर प्लान के अनुरूप ही तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अनावश्यक विवादों से बचा जा सके और विकास कार्यों को समय पर धरातल पर उतारा जा सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है, जिसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह , समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे


