
*संजीव सिंह।*
*पुल की रेलिंग तोड कर नदी में* *गिरा कोयला लदा ट्रक गैस* *कटर से काटकर निकाला* *गया युवक का शव*
*बलिया* : राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर स्थित फेफना और चितबड़ागांव के बीच टोस नदी को पार करते वक्त कोयला लदा ट्रक पुल की रेठलिंग को तोड़ते हुए नदी में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक परिचालक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय से डाक्टरों ने बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
चितबड़ागांव से फेफना की ओर जा रहा कोयला लदा ट्रक शुक्रवार को तड़के अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ टोस नदी में गिर गया। हादसे में ट्रक के खलासी पंकज यादव (25) पुत्र छोटक यादव (निवासी लक्ष्मण चक्की जिला बक्सर बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक लाऊ खरवार (30) पुत्र रामकरण खरवार (निवासी सेमरी बक्सर बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने जेसीबी मशीन और गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे खलासी के शव को बाहर निकालवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भोर में हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। हादसे की भयावहता को देखकर हर कोई स्तब्ध दिखा।


