
– *जिलाधिकारी महोदय श्री अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में व्यापक जागरुकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन।*
ब्यरो रिपोर्ट मोहम्मद इस्लाम साप्ताहिक समाचार पत्र जनता का सच बहराइच
जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी बहराइच श्री अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनपदीय स्तर पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर जनपद में संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी रूप से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया, किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी उपयोग के बारे में बताया गया। कांफ्रेंस में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही, जहां महिला सुरक्षा से संबंधित चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए उनके समाधान हेतु सुझाव भी प्राप्त किए गए। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन एवं पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनजागरूकता एवं सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उपस्थित सभी से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं ।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष, केडीसी के सहायक प्रोफेसर, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला बौद्धिक प्रमुख, महिला विमर्श प्रमुख, महिला महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुलिस विभाग से क्षेत्राधिकारी पयागपुर श्रीमती हर्षिता तिवारी, महिला थाना प्रभारी विनीता रावत तथा अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।


