
*संजीव सिंह*
*लखनऊ में सम्मानित होंगे बलिया बेसिक के सप्त सितारे*
*बलिया* : राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 में पांच या उससे अधिक छात्र चयन वाले विद्यालयों के शिक्षकों का सम्मान प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होगा। शासन द्वारा जनपद वार सम्बंधित विद्यालयों के उन शिक्षकों की सूची जारी की गई है, जिन्होंने बच्चों की तैयारी कराई थी। सूची में बलिया के विभिन्न शिक्षा क्षेत्रों से सात शिक्षकों का नाम शामिल है, जो 19 अप्रैल 2026 को रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल, सेक्टर 14, इंदिरा नगर, लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित होंगे।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के सौजन्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश में मनोविज्ञान शाला, प्रयागराज एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज के माध्यम से संपन्न कराई जाती है। इसमें शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 8 में पढ़ने वाले बच्चे प्रतिभाग करते हैं। इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल छात्रों को उनके कक्षा 9 से 12 में अध्ययन के लिए प्रति माह रुपए 1000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा की जनपदीय नोडल राज्य शिक्षक पुरस्कार से अलंकृत शिक्षिका प्रतिमा उपाध्याय ने बताया कि इस छात्रवृत्ति परीक्षा में छात्रों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करने, परीक्षा की तैयारी कराने तथा प्रतिभाग कराने में प्रदेश के हजारों शिक्षकों का अभूतपूर्व सहयोग रहता है। शिक्षकों को संबल प्रदान करने तथा उनके प्रयासों को प्रेरक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से कॉलेज आफ टीचर एजुकेशन, प्रयागराज इस छात्रवृत्ति परीक्षा में ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों को 19 अप्रैल को सम्मानित करने जा रहा है, जिनके विद्यालय से पांच या पांच से अधिक छात्रों का चयन राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा 2025-26 में चयन हुआ है। खुशी की बात है कि बलिया से सात शिक्षक सम्मान के लिए चयनित हुए है।


