Advertisement

सवाई माधोपुर पुलिस की दोहरी जनसुनवाई पहल: अब हर मंगलवार थाने और पहले-तीसरे बुधवार को बीट स्तर पर जनता के द्वार तक पहुँचेगी पुलिस*


*सवाई माधोपुर पुलिस की दोहरी जनसुनवाई पहल: अब हर मंगलवार थाने और पहले-तीसरे बुधवार को बीट स्तर पर जनता के द्वार तक पहुँचेगी पुलिस*
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
*सवाई माधोपुर 15 अप्रैल।* सवाई माधोपुर जिले में पुलिस और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी ने एक व्यापक जनसुनवाई ढांचा तैयार किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब आमजन को अपनी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पुलिस प्रशासन ने थाना स्तर और बीट स्तर पर जनसुनवाई की शुरुआत कर दी है, जिससे पुलिसिंग अब सीधे मोहल्लों और ग्राम पंचायतों तक पहुँच गई है।
*थाना स्तर पर हर मंगलवार होगी सुनवाई शुरू*
आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक मंगलवार को जिले के सभी थानों पर विशेष जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। थाना स्तर पर होने वाली इस सुनवाई का मुख्य उद्देश्य उन मामलों का मौके पर ही समाधान करना है जो लंबे समय से लंबित हैं। इसमें थानाधिकारी स्वयं मौजूद रहकर परिवादियों की समस्याओं को सुनकर उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
*बीट स्तर पर ‘अटल सेवा केंद्रों’ में संवाद*
थाना जनसुनवाई के साथ-साथ, जिले में माह के पहले और तीसरे बुधवार को बीट स्तर पर जनसुनवाई की अभिनव पहल शुरू की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित अटल सेवा केंद्रों और शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों पर सुबह 11:00 से दोपहर 2:00 बजे तक बीट अधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह व्यवस्था उन लोगों के लिए विशेष रूप से मददगार होगी जो संसाधनों के अभाव में थाने तक नहीं पहुँच पाते हैं।
इस जनसुनवाई के माध्यम से केवल शिकायतों का ही निवारण नहीं होगा, बल्कि कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा उन्मूलन और यातायात जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण स्थानीय मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जनता के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करना और उनके सुझावों के आधार पर पुलिस कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार करना है।
एसपी सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्राप्त शिकायतों का न केवल समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा, बल्कि गंभीर प्रकरणों में पुलिस द्वारा तुरंत कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।

Janta Ka Sach News