
महराजगंज, 14 अप्रैल 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक महोदय ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 07 की छात्रा कल्याणी शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सर्पदंश के कारण बीती रात बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर विद्यालय प्रशासन द्वारा उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी महोदय सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतका की माता विजयलक्ष्मी एवं पिता जयहिन्द को ढांढस बंधाते हुए हर संभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को सुरक्षा एवं सतर्कता के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा घटना के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।


