Advertisement

कलक्टर ने स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर के विकास का मंत्र दिया


कलक्टर ने स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर के विकास का मंत्र दिया
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुरजिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं की योजनाओं तथा झील संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगरीय विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं आवासीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी नगरीय निकाय अन्य विभागों के साथ समन्वय से कार्य करते हुए सवाई माधोपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करें, जिससे यहां आने वाले पर्यटक अपने साथ सकारात्मक छवि लेकर जाए।
*स्वच्छता, शहरी व्यवस्थाओं एवं पीएम आवास योजना में प्रगति तेज करने के निर्देश :-* जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी नगरीय निकायों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में अवैध कचरा प्वाइंटों को हटाने एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री शहरी विकास योजनाओं के तहत सड़कों के डिवाइडर विकास, सौंदर्यीकरण एवं पेंटिंग कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं प्रगति लाने के निर्देश दिए। शहरी आवास योजना 1.0 के तहत निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाई माधोपुर व गंगापुर सिटी के संबंधित अधिकारी के विरुद्ध 17 सीसी चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़कों की स्थिति सुधारने तथा आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए फॉगिंग, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त शहर में निराश्रित पशुओं के लिए गर्मी में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कहीं। साथ ही मानसून से पूर्व नालों की सफाई, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु सिटी फ्लड प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रीष्म ऋतु में आगजनी की संभावना के मध्येनजर अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सभी अस्पतालों, स्कूलों एवं होटलों में फायर एनओसी की जांच करने तथा आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। झील संरक्षण के संबंध में समिति की पुनः बैठक आयोजित कर चयनित जल स्रोतों का सीमांकन एवं शुद्धिकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, नगर परिषद आयुक्त गौरव मिŸाल, एसीएफ मनीषा शर्मा, राजस्व अधिकारी खण्डार सुलोचना मीना सहित संबंधित नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News