
विश्व वानिकी दिवस पर युवाओं ने लिया वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संकल्प
रणथंभौर बाघ परियोजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम, खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 21 मार्च।रणथंभौर बाघ परियोजना के अंतर्गत मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह तथा उपवन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (आईएफएस) मानस सिंह के निर्देशन में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
युवाओं में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला फुटबॉल एवं कबड्डी संघ सवाई माधोपुर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू द्वारा प्रतिभागियों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए पर्यावरण संरक्षण आधारित पोस्टर गतिविधियां आयोजित कराई गईं। इस दौरान वनों के महत्व, जैव विविधता, वन्यजीवों की भूमिका तथा पर्यावरण संतुलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को रणथंभौर नेशनल पार्क के विभिन्न रूट्स पर भ्रमण करवाकर इको सिस्टम, ग्रासलैंड, प्राकृतिक संसाधनों, पक्षियों एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
उपवन संरक्षक मानस सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए भावी पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं वन्यजीव सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए वन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए संकल्प लिया


