
*आनंदनगर में ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा, अमन-चैन व खुशहाली के लिए मांगी गई दुआएं*
महराजगंज/आनंदनगर:
जनपद महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदनगर में शनिवार, 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज़ अदा करने के लिए नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने एक साथ नमाज़ अदा कर देश की तरक्की, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज़ के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में जाकर परिवार व रिश्तेदारों के साथ मिलकर ईद की खुशियां साझा कीं। खास तौर पर सेवइयों और विभिन्न पकवानों का दौर चला, जहां लोग एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयां खाकर त्योहार की मिठास को और बढ़ाते नजर आए।
इस मौके पर सैयद हुसैन, आजाद हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। साथ ही हाजी शामसाद अहमद एडवोकेट, हाजी हयातूल्लाह एडवोकेट, हाफिज व कारी मोहम्मद शफी (इमाम जामा मस्जिद पंजाबी शाह बाबा), मोहम्मद मुस्तकीम (मोअज्जिन), चुन्नु कुरैसी, मोहम्मद अकरम, कल्लू, मुन्ना कुरैशी, युनुस, मोहम्मद तालिब, गादर कुरैशी, कमरुद्दीन कुरैशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
ईद के इस पावन अवसर पर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे नमाज़ का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर इंतजामों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
ईद का यह पर्व आनंदनगर में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देकर सम्पन्न हुआ।
✍️ *जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


