
आईएआरआई द्वारा सेवा गांव में किसान प्रशिक्षण आयोजित
450 अनुसूचित जाति किसानों को उन्नत कृषि तकनीक व आदान सामग्री का वितरण
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 20 मार्च। अनुसूचित जाति उप-योजना (एससीएसपी) के अंतर्गत भाकृअनुप–भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली द्वारा तहसील वजीरपुर के सेवा गांव में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “ग्रीष्मकालीन फसलों हेतु उन्नत उत्पादन प्रौद्योगिकियां एवं कृषि आदान वितरण” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सेवा के लगभग 450 अनुसूचित जाति किसान लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया तथा इसकी समन्वय व्यवस्था डॉ. शशि मीणा (वैज्ञानिक, आईएआरआई) द्वारा की गई। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. शशि मीणा ने किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीकों एवं नई फसल किस्मों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने गेहूं की उन्नत किस्में एचडी-3385 एवं एचडी-3386 अपनाने तथा आय बढ़ाने के लिए सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। डॉ. इंदु चोपड़ा (वरिष्ठ वैज्ञानिक, मृदा विज्ञान) ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, नमूना परीक्षण एवं एसएफटीआर किट के उपयोग के बारे में बताया। वहीं डॉ. संदीप कुमार (पर्यावरण विज्ञान) ने कीटनाशकों के संतुलित एवं न्यूनतम उपयोग की सलाह दी। डॉक्टर ललित कृष्ण मीना कृषि वैज्ञानिक सरसो अनुसंधान केंद्र सेवर ने किसानों को सरसो की खेती से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सहायक कृषि अधिकारी पिंटू मीणा ने राज्य सरकार की कृषि योजनाओं एवं एकीकृत कृषि प्रणाली की जानकारी साझा की। मुकेश कुमार मीना तकनीकी सहायक पूसा नई दिल्ली ने किसानों को फसल में लगने वाले रोग कीट व्यधियों की जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को दरांती, आयरन बाल्टी, छतरी, तिरपाल शीट, मूंग व बाजरा के उन्नत बीज, सब्जी किट तथा प्रशिक्षण किट सहित विभिन्न कृषि आदान सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय जनप्रतिनिधियों रूपसिंह मीणा एवं रामनिवास मीणा के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर किसानों ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने का संकल्प लिया।


