
महराजगंज, दिनांक 18 मार्च 2026, प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद महराजगंज के विकास भवन परिसर में अध्यक्ष, जिला पंचायत श्री रविकांत पटेल की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ मा० जिला पंचायत अध्यक्ष, मा० विधायक पनियरा श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्री जगदीश मिश्रा, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविकांत पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगामी नवरात्रि पर्व के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं तथा जनपद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मा० विधायक पनियरा श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ने प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता के समग्र विकास एवं उत्थान हेतु विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मा० मुख्यमंत्री की मंशा प्रदेश को देश में प्रथम स्थान पर स्थापित करने की है, जिसके लिए योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु प्रत्येक जनपद में महिला छात्रावास एवं प्रत्येक ग्राम सभा में विवाह उत्सव भवन के निर्माण की भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने इस अवसर पर जनपदवासियों को बधाई एवं आगामी नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारिता विभाग के बी-पैक्स महासदस्यता अभियान-2025 के अंतर्गत 1,30,489 नए सदस्य जोड़े गए, जिससे 2.19 करोड़ रुपये की शेयर पूंजी प्राप्त हुई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 3,71,419 लाभार्थियों को 1,745.52 करोड़ रुपये वितरित किए गए। किसान ऋण मोचन योजना के अंतर्गत 80,341 कृषकों को 303.98 करोड़ रुपये का लाभ प्रदान किया गया। गन्ना मूल्य भुगतान के अंतर्गत 4,32,285 कृषकों को 1,624.46 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। समर्थन मूल्य पर 4,39,440 किसानों से धान तथा 1,84,977 किसानों से गेहूं की खरीद की गई। औद्योगिक विकास के क्षेत्र में 2,382.21 करोड़ रुपये के निवेश हेतु एमओयू के माध्यम से 10,510 लोगों को रोजगार सृजन के अवसर प्राप्त हुए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 4,925 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। नगर एवं ग्राम्य विकास के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 63,921 तथा शहरी आवास योजना में 37,058 लाभार्थियों को कुल 814.45 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 7,448 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 97,468 व्यक्तिगत शौचालय एवं 882 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 14,858 रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को लाभान्वित किया गया तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2,54,362 लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 630.34 लाख मानव-दिवस सृजित किए गए, जिस पर कुल 1,33,129.32 लाख रुपये व्यय किए गए। इसके अतिरिक्त जनपद में 348 आंगनबाड़ी केंद्र एवं 95 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। कार्यक्रम में लोगों ने लखनऊ से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा, जहां प्रदेश की विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के अंत में गणमान्य अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र/प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री पंकज मौर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी श्री भोलानाथ कन्नौजिया, अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री निरंकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री कन्हैया यादव, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका श्री आलोक कुमार, एलडीएम (भारतीय स्टेट बैंक) श्री भूपेन्द्र नाथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


