Advertisement

बुढ़िया माई मन्दिर मार्ग जर्जर,ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन,डीएम व डीएफओ को सौंपा ज्ञापन


बुढ़िया माई मन्दिर मार्ग जर्जर,ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन,डीएम व डीएफओ को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज: जनपद के फरेन्दा ब्लॉक के बरातगाड़ा ग्राम सभा में बुढ़िया माई मंदिर से रामनगर और भैसहिया को जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। झावाकोट, बरातगाड़ा और आसपास के कई गांवों के निवासियों तथा राहगीरों ने सड़क के सुदृढ़ीकरण की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के बाद से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर किसी भी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान नेता इसी रास्ते से बुढ़िया माई मंदिर में दर्शन करने आते हैं और विकास के वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सड़क की बदहाली को भुला दिया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का लगभग 500 मीटर हिस्सा बरसात में पूरी तरह से आवागमन के लिए अनुपयोगी हो जाता है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को मात्र 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 5 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। यह मार्ग ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने का भी मुख्य रास्ता है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होती है।
समाजसेवी छोटेलाल यादव और रामपलट के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने जिलाधिकारी और डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्याओं से निजात मिल सके।
इस प्रदर्शन में समाजसेवी छोटेलाल यादव, रामपलट, राम मिलन, श्रवण कुमार, अजय नायक (एबीवीपी नगर मंत्री मछलीगाँव), गौरव और सचिन्द्र सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Janta Ka Sach News