
पोषण, शिक्षा और एफएमडी टीकाकरण पर विशेष फोकस, विद्यालयों में गर्ल्स टॉयलेट निर्माण के निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 12 मार्च।नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा आकांक्षी ब्लॉकों में विकास की गति तेज करने के उद्देश्य से संचालित ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र, गंगापुर सिटी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगापुर सिटी ब्लॉक में पोषण, शिक्षा और पशुपालन से जुड़े संकेतकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन में व्यापक जागरूकता लानी होगी, ताकि अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति हो सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ 14 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत छह प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें पोषण विभाग के चार संकेतकों के तहत पूरक पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पशुपालन विभाग द्वारा खुरपका-मुंहपका रोग (एफएमडी) टीकाकरण के प्रति पशुपालकों को जागरूक करना तथा शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देना शामिल है।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गंगापुर सिटी को निर्देश दिए कि राजकीय विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुसार गर्ल्स टॉयलेट निर्माण के कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। इसके लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी को अगले तीन दिनों में विशेष शिविर आयोजित कर कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट यू-डाइस पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारी गंगापुर सिटी को निर्देशित किया कि जर्जर आंगनबाड़ी केन्द्रों को अन्य उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए तथा इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से समन्वय कर रेंट रीजनेबल सर्टिफिकेट जारी करवाया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने नीति आयोग द्वारा जारी विस्तृत कैलेंडर के अनुसार सभी गतिविधियों के प्रभावी आयोजन पर बल देते हुए कहा कि विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, उप जिला कलक्टर गंगापुर सिटी, मुख्य आयोजना अधिकारी सवाई माधोपुर सहित आशान्वित ब्लॉक फैलो , आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


