Advertisement

औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित


औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुरजिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की जिला स्तरीय बैठक रीको औद्योगिक संघ कार्यालय, गंगापुर सिटी में आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में उद्यमियों द्वारा दौसा–गंगापुर रेल परियोजना के अंतर्गत रीको एरिया में स्थित अंडरपास तक अप्रोच रोड के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग उठाई गई। इस पर जिला कलक्टर ने स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही रीको एरिया से गुजरने वाली नालियों के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया। जिला कलक्टर ने नगर परिषद गंगापुर सिटी के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही कर जल निकासी की व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर जीओ स्विच लगाने की मांग भी रखी, ताकि ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिल सके। इस पर जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति लाइन डालने के दौरान हुई खुदाई से क्षतिग्रस्त सड़कों तथा अंडरग्राउंड बिजली लाइनों की मरम्मत का विषय भी बैठक में उठाया गया। जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को समन्वय के साथ शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों का सुचारू संचालन जिले के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, उपखंड अधिकारी गंगापुर सिटी बृजेंद्र मीणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पंकज मीना , रिको इकाई प्रभारी जीएस मीणा , विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा संतोष गुप्ता अध्यक्ष सहित उपक्रमी संघठन गंगापुर के अन्य उद्यमी भी उपस्थित रहे।

—000—

Janta Ka Sach News