Advertisement

दांडी मार्च दिवस पर युवाओं को दिया सत्य और अहिंसा का संदेश


दांडी मार्च दिवस पर युवाओं को दिया सत्य और अहिंसा का संदेश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
कोटा, 12 मार्च सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा राजकीय महाविद्यालय कोटा के सभागार में दांडी मार्च दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रतिमा श्रीवास्तव ने कहा कि दांडी मार्च केवल एक यात्रा नहीं बल्कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का शक्तिशाली प्रतीक था। इससे यह सिद्ध हुआ कि सत्य और अहिंसा के बल पर भी बड़े से बड़े साम्राज्य को चुनौती दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और एकता, साहस व दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम जिला समन्वयक एव सहायक आचार्य रीना कुमारी मीणा ने कहा कि महात्मा गांधी का विश्वास था कि अहिंसा और सत्य सबसे बड़ी शक्ति हैं और दांडी मार्च इसी विचारधारा का सबसे बड़ा उदाहरण है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए दांडी मार्च की पृष्ठभूमि और प्रभाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 मार्च 1930 को महात्मा गांधी ने साबरमती आश्रम से 78 साथियों के साथ लगभग 390 किलोमीटर की पदयात्रा प्रारंभ की, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान दांडी मार्च पर मौखिक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रो अंजू कपूर,
प्रो सविता गुप्ता,प्रो मंजू बाला यादव,प्रो मीरा भटनागर ,प्रो हेमलता गुप्ता, सहायक आचार्य प्रज्ञा गुप्ता, अंजना, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ योगेश टेलर, लादू लाल जाट तथा अन्य संकाय सदस्यो के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
——

Janta Ka Sach News