Advertisement

गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 27 से 30 मार्च तक कोटा में, 44 पदों के लिए 10 हजार 838 अभ्यर्थी होंगे शामिल


गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 27 से 30 मार्च तक कोटा में, 44 पदों के लिए 10 हजार 838 अभ्यर्थी होंगे शामिल
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 10 मार्च। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, सवाई माधोपुर के अभ्यर्थियों की वर्ष 2022 की नामांकन प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में 27 से 30 मार्च तक गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, कोटा में आयोजित की जाएगी।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के कमाण्डेन्ट रामजीलाल जाट ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र/गण के समादेष्टा या गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। चार दिनों तक चलने वाली इस चयन प्रक्रिया में कार्यालय कमाण्डेन्ट गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र सवाई माधोपुर के 44 रिक्त पदों के विरुद्ध कुल 10 हजार 838 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से सूचना प्रेषित की जाएगी। सूचना प्राप्त होने के पश्चात अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
कमाण्डेन्ट ने बताया कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर अलग-अलग समय पर उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र में अंकित महत्वपूर्ण निर्देशों की पालना करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित दिनांक, समय एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों जैसे जिले का मूल निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र तथा प्रवेश पत्र के साथ संलग्न अन्य आवश्यक दस्तावेज सहित उपस्थित हों। नामांकन स्थल में प्रवेश के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउंड से बाहर जाकर दस्तावेज लाने और ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 9462951725 एवं 9414273472 पर संपर्क किया जा सकता है।

Janta Ka Sach News