Advertisement

जिला अस्पताल में 148 जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश


*जिला अस्पताल में 148 जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश
*हब एंड स्पोक मॉडल के तहत मरीजों को मिलेगी बेहतर व त्वरित जांच सुविधा
जनता का सूच
स्टेट ब्युरो राथामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 10 मार्च।राज्य सरकार के निर्देशानुसार हब एंड स्पोक मॉडल के तहत जिला अस्पताल सवाई माधोपुर में मरीजों को विभिन्न जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। निदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान जयपुर के निर्देशों की पालना में सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में 148 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेगी।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर जांचों के सुचारु संचालन और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत डॉ. मानवेंद्र प्रताप शुक्ल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी (जांच) योजना की रिपोर्टिंग एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. बनवारी लाल मीना, सहायक आचार्य (पैथोलॉजी) को कृष्णा लैब का चिकित्सा अधिकारी प्रभारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए डॉ. गायत्री मीना, डॉ. हेमेन्द्र कुमार शर्मा तथा डॉ. दीपक शर्मा को भी दायित्व सौंपे गए हैं।
जांच व्यवस्था के संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ तकनीकी सहायक वृंदावन मथुरिया को सौंपी गई है, जो कृष्णा लैब का संचालन सुनिश्चित करेंगे। वहीं एम/एस कृष्णा डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड, पुणे द्वारा आवश्यक मशीनें, रिएजेंट्स तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
चिकित्सालय में आने वाले ओपीडी और आईपीडी मरीजों की जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी चिकित्सकों और वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों की जांच पर्ची पर स्पष्ट रूप से जांच लिखकर सील और हस्ताक्षर सहित नमूने समय पर लैब तक भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि जांच रिपोर्ट निर्धारित समय में तैयार कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही मरीजों को जांच रिपोर्ट वितरण की व्यवस्था भी निर्धारित काउंटर के माध्यम से की जाएगी, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल सके।
उन्होंने चिकित्सालय आने वाली मरीजों से अपील करते हुए कहा कि सभी मरीज अपने जन आधार एवं आभा आईडी साथ लाए। जिनके पास आभा आईडी नहीं है वे नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या एएनएम से संपर्क कर अपनी आभा आईडी बनवा सकते हैं। इस व्यवस्था के लागू होने से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को अधिकतम जांचें निःशुल्क, सुगम और त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

Janta Ka Sach News