
राजस्व मण्डल अध्यक्ष हेमंत कुमार गेरा ने कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का किया वार्षिक निरीक्षण
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण व ई-फाइल प्रणाली को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 10 मार्च। राजस्व मंडल अजमेर के अध्यक्ष हेमंत कुमार गेरा मंगलवार को वार्षिक निरीक्षण के तहत सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके आगमन पर जिला कलक्टर काना राम ने सर्किट हाउस में अगवानी की तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों की संचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एक-एक शाखा का निरीक्षण करते हुए वहां कार्यरत कार्मिकों से संवाद किया तथा राजस्व प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने विशेष रूप से एलआर शाखा का निरीक्षण करते हुए राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, फाइलों के निस्तारण, राजस्व मंडल में लंबित पत्रावलियों की तामील तथा विभिन्न रिर्पोटो की प्रेषण स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व कार्यों से संबंधित सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से कोई भी फाइल लंबित न रखी जाए। बोर्ड अध्यक्ष ने ई-फाइल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों का निस्तारण डिजिटल प्रणाली के माध्यम से समय पर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट में संचालित विभिन्न पोर्टल और वेबसाइटों की भी जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं से जुड़े भूमि आवंटन प्रकरणों तथा राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन नंबर 1077, 07462-220602 पर आमजन की समस्या समाधान की कार्यप्रणाली की भी जांच की।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उपखंड अधिकारी सवाई माधोपुर गौरव मित्तल सहित राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


