
एसडीएम ने गैस एजेंसी का किया निरीक्षण, बितरण व्यवस्था का लिया जायजा…
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
कस्बे में गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं में फैली चिंताओं के बीच सोमवार को एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने उत्तमा सोनी एचपी गैस ग्रामीण वितरक केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस सिलेंडर के स्टॉक रजिस्टर तथा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत की।
एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सोमवार को नियमानुसार 360 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है और जितने सिलेंडर पहले आते थे, उतनी ही आपूर्ति अब भी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोग बिना बुकिंग के सिलेंडर लेने पहुंचे थे, जिन्हें नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बिना बुकिंग के सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। एसडीएम ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर और डीजल को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि दोनों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है, इसलिए घबराकर अधिक खरीदारी या भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि क्षेत्र में कथित रूप से युद्ध की आशंका को लेकर कुछ उपभोक्ताओं में घबराहट देखी जा रही है, जिसके चलते लोग जरूरत से अधिक सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं। मांग अधिक और आपूर्ति कम होने की स्थिति के कारण कुछ स्थानों पर गैस की ब्लैक मार्केटिंग की भी चर्चा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं प्रभारी पूर्ति निरीक्षक सतीश चन्द, सहयोगी सर्वेश कुमार, उत्तमा सोनी एचपी गैस ग्रामीण वितरक के प्रबंधक राजेश कुमार आर्य, अवधेश आर्य, सचिन तिवारी, भोला कनौजिया, प्रेम आर्य, मनीष, संजीव सिंह और रमेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


