
*इंस्पायर अवार्ड में सवाई माधोपुर का शानदार प्रदर्शन, राजस्थान में दूसरा स्थान
जिले के 367 विद्यार्थी वैज्ञानिक नवाचार के लिए चयनित, 36.70 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 4 मार्च। जब विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत करने लगते हैं, तब शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहती बल्कि नवाचार का माध्यम बन जाती है। ऐसे नवाचार को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इंस्पायर अवार्ड योजना के लिए चयनित होकर सवाई माधोपुर जिले की 367 स्कूली प्रतिभाओं ने आगे बढ़ाया है। योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों की चयन संख्या के लिहाज से सवाई माधोपुर प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। स्थानीय प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।
योजना के अंतर्गत जिले के 367 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिन्हें अपने नवाचारी वैज्ञानिक विचारों को विकसित करने के लिए प्रति विद्यार्थी 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार जिले के विद्यार्थियों के लिए कुल 36 लाख 70 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई है।
इंस्पायर अवार्ड योजना के अंतर्गत जिले से चयनित विद्यार्थियों में 221 सामान्य एवं ओबीसी वर्ग, 89 अनुसूचित जाति वर्ग तथा 57 अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थी अपने अभिनव वैज्ञानिक विचारों को मॉडल के रूप में विकसित करेंगे और उन्हें आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों में भी प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
जिले का प्रदर्शन राज्य स्तर पर अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। चयनित विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर जयपुर 604 विद्यार्थियों के साथ प्रथम स्थान पर है, जबकि सवाई माधोपुर 367 विद्यार्थियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके बाद झुंझुनूं, अलवर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे बड़े जिलों के मुकाबले सवाई माधोपुर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश मीना ने बताया कि इस वर्ष जिले में योजना के तहत 5236 विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन किया गया। पिछले शैक्षणिक सत्र में जहां 244 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, वहीं इस वर्ष 367 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो लगभग 51 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह वृद्धि जिले में विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक नवाचार के प्रति बढ़ती रुचि को प्रतिबिंबित करती है।
जिला कलक्टर काना राम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सवाई माधोपुर के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा और नवाचार की क्षमता है। उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड में जिले का द्वितीय स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं। यह उपलब्धि जिले में विज्ञान शिक्षा और नवाचार को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नवाचार को मॉडल के रूप में विकसित करने तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।


